पटियाला। सेंट्रल जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से मुलाकात करने के लिए सोमवार को एसजीपीसी की पूर्व प्रधान जगीर कौर, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा, डा. दलजीत सिंह चीमा और अकाली नेता महेश इंद्र ग्रेवाल पहुंचे। करीब 25 मिनट तक जेल के अंदर इन नेताओं की मजीठिया साथ मुलाकात चली। इसके बाद बाहर आने पर जगीर कौर ने सरकार खिलाफ हमलावर होते आरोप लगाया कि बदले की भावना से मजीठिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एक सवाल के जवाब में जगीर कौर ने बताया कि जेल में मजीठिया स्वस्थ हैं और रोजाना सुबह पाठ करते हैं।
रखड़ा ने कहा कि मजीठिया ने सरकार से मांग की है कि कोविड की आड़ में जेल में बंद कैदियों की उनके जान-पहचान और सगे संबंधियों साथ मुलाकात का सिलसिला पिछले करीब एक साल से बंद किया हुआ है। जिस कारण कैदी और हवालाती मानसिक तौर पर काफी तनाव में हैं। अब कोरोना के केस नाममात्र हैं, ऐसे में जेल में बंद कैदियों साथ मुलाकात का सिलसिला दोबारा शुरू किया जाए। रखड़ा ने कहा कि मजीठिया की तरफ से की इस मांग को वह सरकार व डीजीपी तक पहुंचाएंगे। जिससे कैदियों का मानसिक तनाव कम हो। इस मौके पर रखड़ा ने भी सरकार पर अकाली नेताओं के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई करने के आरोप लगाए।
फिटनेस के लिए साथी कैदियों के साथ बैडमिंटन खेलते हैं मजीठिया
मजीठिया जेल में भी अपनी सेहत व फिटनेस को लेकर पूरी तरह से सजग हैं। पटियाला जेल के सुपरिंटेंडेंट डा. शिवराज सिंह नंदगढ़ ने कहा कि मजीठिया को आइसोलेट नहीं किया गया है। उनके साथ बैरक में तीन अच्छे व्यवहार वाले कैदियों को रखा गया है, जिनके साथ मजीठिया ने सोमवार को बैडमिंटन खेला। इसके साथ ही मजीठिया काफी नित नेम करने वाले इंसान हैं। वह जेल में इतिहास की किताबें पढ़ रहे हैं, जिन्हें उन्होंने जेल की लाइब्रेरी से ही जारी कराया है।