पटियाला। केंद्र सरकार के कारण किसान इस समय संकट में हैं। संकट के इस काल में पंजाब सरकार किसानों के साथ खड़ी है। यह कहना है स्थानीय निकाय मंत्री ब्रह्म महिंदरा का। कैबिनेट मंत्री के तौर पर दूसरी बार शपथ ग्रहण करने के बाद ब्रह्म महिंदरा पहली बार पटियाला पहुंचे।
उन्होंने कहा कि कोविड के कारण विकास कार्यों में जो रुकावट आई थी, उसे दूर कर दिया गया है। राज्य में सभी विकास कार्य तय समय में ही पूरे होंगे। यहां सर्किट हाउस पहुंचने पर उनका पटियाला देहाती हलके के लोगों ने उनका स्वागत किया।
वहीं पंजाब पुलिस की टुकड़ी ने भी सलामी दी। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मीडिया से बात करते हुये कैबिनेट मंत्री ने यूपी के लखीमपुर खीरी में किसानों के साथ हुए दर्दनाक हादसे की निंदा करते हुए पीड़ितों के साथ संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने केंद्र द्वारा पास किये तीनों कृषि कानूनों को पंजाब विधानसभा में दो बार रद्द किया है। लेकिन, राज्यपाल ने इनको आगे राष्ट्रपति के पास नहीं भेजा। इसके अलावा पंजाब सरकार ने किसान संघर्ष में जान गंवाने वाले किसानों के वारिसों को नौकरी व वित्तीय मदद दी है।
इसके तहत अकेले पटियाला जिले के 14 किसानों के वारिसों को नौकरी दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जितने विकास कार्य पटियाला देहाती हलके के 27 वार्डों और 60 गांवों में पिछले साढ़े चार सालों में हुये हैं, वह काम पिछले 35 सालों में नहीं हुए।