सिंघु बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में पटियाला के गांव खेड़ी जट्टां के 19 वर्षीय युवा किसान नवजोत सिंह की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। नवजोत अपने घर का इकलौता बेटा था। जैसे ही नौजवान की मौत की खबर गांव पहुंची तो परिवार समेत पूरे गांव में मातम पसर गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का दिल्ली बॉर्डर पर करीब तीन माह से आंदोलन जारी है। इस दौरान सिंघु बॉर्डर से एक बार फिर बुरी खबर आई है। नाभा के गांव खेड़ी जट्टां के रहने वाले 19 साल के युवा किसान नवजोत सिंह की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है।
नवजोत सिंह अपने गांव के कुछ किसानों के साथ सिंघु बॉर्डर पर चल रहे किसानों के धरने में शामिल होने गया था। बताया जा रहा है कि नवजोत चार दिन से धरने में शामिल था। पुलिस ने सोनीपत में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। गांव के किसानों के मुताबिक रात को वह खाना खाकर सोया था, लेकिन सुबह नहीं उठ सका।