पटियाला। मोबाइल फोन के माध्यम से ठगी करने वाले एक दंपती को पुलिस ने काबू करके चार मामले हल कर लिए हैं। आरोपियों के पास से दो लाख 70 हजार रुपये की कीमत के सोने के गहने और एक लैपटाप बरामद किया गया है। आरोपी दंपती की पहचान सुक्खा सिंह निवासी गांव चलहेड़ी पटियाला और अर्शप्रीत कौर के रूप में की गई है। आरोपी सुक्खा सिंह एक प्लाईवुड फैक्टरी में सेल परचेज का काम करता था। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके तीन दिन का रिमांड ले लिया है।
एसएसपी डा. संदीप गर्ग ने बताया कि इस जोड़े ने पटियाला के अलग-अलग ज्वेलर्स साथ ठगी की थी। 21 अगस्त 2021 को दविंदरपाल सिंह निवासी निहाल बाग ने सूचना दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उससे मोबाइल पर सोने के गहने मंगवाकर उस साथ ठगी की है। इस केस में थाना कोतवाली में पर्चा दर्ज करके जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी सुक्खा सिंह शहर के ज्वेलरों को ठगने के लिए उन्हें फोन करता था और कहता था कि उसका प्लाइवुड का कारोबार है और वह अपनी बेटी के जन्मदिन मौके उसे तोहफे में सोने के गहने देना चाहता है। आरोपी का मोबाइल नंबर भी ट्रू कालर पर गणेश प्लाइवुड का नाम दिखाता था। वह सामान दुकान के पते पर मंगवाता था। इसके बाद आरोपी की पत्नी गहने ले आती थी और ज्वेलर को कहा जाता था कि अदायगी उसके प्लाइवुड शोरूम पर आकर ले जाए। जब ज्वेलर बताई गई जगह पर बिल की पेमेंट लेने जाता था, तो वहां आरोपी नहीं मिलता था। अपना फोन नंबर भी आरोपी बंद कर लेता था।