पटियाला। थाना सदर नाभा के अधीन पड़ते गांव खुर्द के गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी की ओर से अपनी बेटी की गलती छिपाने के लिए श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी ग्रंथी समेत उसकी पत्नी और बेटी को नामजद कर लिया है, लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस ने मामले में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी गांव खुर्द के प्रधान लखवीर सिंह के बयान पर ग्रंथी तरसेम सिंह, उसकी पत्नी जसविंदर कौर और बेटी के खिलाफ श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ करके बेअदबी करने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक एक अगस्त को देर रात गांव खुर्द के गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी तरसेम सिंह द्वारा अनांउसमेंट की गई कि गुरुद्वारा साहिब के अंदर एक लड़का पकड़ा गया है, जिसने दरबार साहिब के अंदर घुसकर गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ करके बेअदबी की है। इसके बाद गुरुद्वारा साहिब में काफी इकट्ठ हो गया और इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो गया।
इस मामले के धार्मिक जत्थेबंदियों के पास पहुंचने के बाद जब जांच की गई, तो पाया गया कि गुरुद्वारा साहिब में पकड़ा गया गांव का लड़का गुरुद्वारे के ग्रंथी तरसेम सिंह की लड़की के कहने पर उनके घर गया था। इस बारे में जब परिवार को पता लगा, तो वे उस लड़के को बांध कर गुरुद्वारा साहिब के अंदर उस कमरे में ले गए, जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप सुशोभित थे। लड़के को इस कमरे में बंद करके उसे बेअदबी वाले केस में फंसाने के लिए ग्रंथी व उसके परिवार ने खुद ही श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करके वीडियो वायरल कर दी। पुलिस ने जांच के आधार पर ग्रंथी, उसकी पत्नी व बेटी को नामजद कर लिया है।