पटियाला के कस्बा सन्नौर में ससुर के हमले से सास को बचा रही बहू अपनी जान गंवा बैठी। आरोपी अपनी पत्नी पर चाकू से वार कर रहा था। बीचबचाव कर रही बहू की चाकू लगने से मौत हो गई। आरोपी ने अपनी पत्नी पर चाकू से 15 वार किए। उसकी हालत गंभीर है। फिलहाल आरोपी व उसकी पत्नी सरकारी राजिंदरा अस्पताल में उपचाराधीन है।
मृतका की पहचान 20 वर्षीय अंजू कौर के रूप में हुई है। वहीं, अंजू कौर की सास मलकीत कौर (61) की हालत गंभीर है। थाना सन्नौर के इंचार्ज हरमिंदर सिंह ने बताया कि मलकीत कौर के शरीर पर चाकू से 15 वार किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
हरमिंदर सिंह ने बताया कि अंजू कौर के दादा बलदेव सिंह निवासी गांव रामपुरा जिला पटियाला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रकाश चंद निवासी मोहल्ला कसाबिया वाला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बलदेव सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसकी पोती अंजू कौर की शादी करीब तीन साल पहले प्रकाश चंद के बेटे जसवीर सिंह से हुई थी।
झगड़े के बाद दादा को फोन कर बुलाया था
प्रकाश चंद अपनी पत्नी मलकीत कौर व बहू अंजू कौर के साथ झगड़ा कर पैसों की मांग करता था। 26 दिसंबर को अंजू कौर ने उसे फोन कर बताया कि आरोपी अपनी पत्नी के साथ झगड़ा कर रहा है। बलदेव सिंह ने अपनी पोती के ससुराल पहुंच कर आरोपी को समझाया। रात को बलदेव सिंह वहीं रुक गया। कुछ देर के बाद अंजू का पति काम पर चला गया। अगले दिन तड़के तीन बजे मलकीत कौर की चीखें सुनीं, तो बलदेव सिंह ने मौके पर जाकर देखा। आरोपी अपनी पत्नी के पेट में चाकू के साथ वार कर रहा था। अंजू अपनी सास को बचाने लगी, तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से वार किए। अंजू खून से लथपथ होकर वहीं गिर गई। अंजू व मलकीत कौर को राजिंदरा ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने अंजू को मृत घोषित कर दिया।
खुद को चाकू मारकर नहर में कूदने जा रहा था
थाना सन्नौर के इंचार्ज हरमिंदर सिंह ने बताया कि वारदात के बाद प्रकाश चंद ने चाकू मारकर खुद को भी घायल किया। इसके बाद वह नहर में छलांग लगाने जा रहा था लेकिन रास्ते में गश्त कर रहे जब एक पुलिस कर्मचारी ने घायल हालत में जाते प्रकाश चंद को देख उसे पकड़ कर अस्पताल दाखिल कराया। इंचार्ज ने कहा कि खुद को बचाने के लिए आरोपी ने यह सब ड्रामा किया है। आरोपी का कहना है कि रोजमर्रा के खर्चों के लिए परिवार वाले उसे पैसे नहीं देते थे और खाना भी समय पर नहीं देते थे जिससे वह मानसिक तौर पर परेशान था।