पंजाब के पटियाला के समाना में पुलिस ने भाखड़ा नहर से शुक्रवार को गोताखोरों की मदद से हथियारों की बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में सिटी समाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बरामद हथियारों में तीन एयर पिस्टल, एक पुरानी गन, दो रॉकेट लांचर, एक कटी हुई हथकड़ी और 46 कारतूस शामिल हैं।
गोताखोरों की टीम के प्रधान शंकर भारद्वाज ने कहा कि नहर में डूबने वाले एक व्यक्ति की लाश की करीब 15 दिन पहले तलाश की जा रही थी। इस दौरान नहर की सतह पर पड़े हथियारों को देखा गया। जिसकी जानकारी बाद में पुलिस के अधिकारियों को दी गई। थाना सिटी समाना के कार्यकारी प्रभारी पूरन सिंह ने नहर से हथियारों के मिलने की पुष्टि की। साथ ही बताया कि मामले में अज्ञात खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
फिरोजपुर: पुलिस ने किया नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने लूटपाट, हेरोइन तस्करी और वाहन चोरी करने वाले गिरोह के नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच पिस्टल, 12 कारतूस, दो कार व चोरी की 10 बाइक बरामद की है। पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की जांच शुरू की है। एसएसपी हरमनदीप सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ ने फिरोजपुर-मोगा राजमार्ग स्थित पुल के नीचे दबिश दी। यहां पर आरोपी थॉमस, पवनप्रीत सिंह, सिमरनजीत सिंह, लखन, मोंटी व मनप्रीत सिंह दो कारों में बैठे थे।
ये लोग पेट्रोल पंप लूटने के लिए हथियार इकट्ठे कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से पांच पिस्टल, बारह कारतूस और दो कार बरामद की हैं। एसएसपी ने बताया कि उक्त आरोपियों पर पहले भी लूटपाट व हेरोइन तस्करी के मामले थानों में दर्ज हैं। इसी तरह पुलिस ने छावनी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास से आरोपी हरजिंदर सिंह, गौतम व सन्नी को काबू कर इनके पास से चोरी की 10 बाइक बरामद की हैं।