थाना सिटी पुलिस ने अदालत में से रिकार्ड चोरी करने के आरोप में वकीलों के साथ काम करते दो मुंशियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों ने जज सामने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।
इस मामले के तफतीशी अफसर एएसआई मलकीत सिंह ने बताया कि जुडीशियल मजिस्ट्रेट प्रशांत वर्मा की अदालत में सरकार बनाम गुरप्रीत सिंह बाबत सड़क हादसे के बारे केस चल रहा था। थाना अजीतवाल पुलिस ने 18 फरवरी 2011 को रुमेश नाथ निवासी भाई कूपा जिला बठिंडा हाल आबाद बुट्टर कलां के बयानों पर अज्ञात स्कॉर्पियो चालक खिलाफ यह केस दर्ज करने बाद तफ्तीश के दौरान गुरप्रीत सिंह गांव दौधर शर्की को नामजद किया था।
पुलिस मुताबिक स्कॉर्पियो गाड़ी मालिक से मिलकर यहां वकीलों के पास मुंशी का काम करते आरोपी रविंदर उर्फ रवि निवासी ढिल्लों पत्ती मोगा और अमृतपाल सिंह गांव खोसा कोटला ने अदालत के अहल्मद को कथित लालच देकर इस केस की फाइल मुआयना के बहाने ले ली। इस के बाद आरोपी मुंशियों ने केस की फाइल से स्कॉर्पियो गाड़ी की रजिस्ट्रेशन बुक निकाल ली।
अहल्मद को फाइल से छेड़छाड़ करने का शक हो गया। फाइल से स्कॉर्पियो गाड़ी की रजिस्ट्रेशन बुक गायब थी। अहल्मद ने यह सारा मामला जज के ध्यान में लाया और दोनों आरोपी मुंशियों से पूछताछ की।
दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और अदालत ने बयान दर्ज कर आरोपियों खिलाफ थाना सिटी पुलिस को केस दर्ज करने का आदेश दिया और दोनों आरोपियों को पुलिस हवाले कर दिया। पुलिस मुताबिक आरोपियों ने गाड़ी की रजिस्ट्रेशन बुक देने के नाम पर मालिक से 8 हजार रुपये लिए थे।