पुरानी रंजिश के चलते हथियारों से लैस होकर मानसा जिले के गांव उलोके के सरपंच को मारने जा रहे पांच नौजवानों को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने इनसे हथियार और एक गाड़ी बरामद की है। एसएसपी प्रितपाल सिंह थिंद ने बताया कि नानकियाणा चौक में नाकाबंदी किए सहायक थानेदार जुगराज सिंह को गुप्त सूचना मिली कि शहर के पटियाला बाईपास के समीप गंदे नाले पर बंद पड़ी फैक्टरी की दीवार के पीछे पांच नौजवान किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इनके पास बड़ी मात्रा में हथियार और एक एक्स यूवी गाड़ी है।
पुलिस ने सूचना पाते ही तुरंत उक्त जगह पर रेड करके सुखचैन सिंह निवासी उलोके जिला मानसा, मनविंदर सिंह निवासी जटाना कलां (मानसा), रणजीत सिंह निवासी फैजगढ़ जिला पटियाला, सुखदेव सिंह निवासी दिड़बा और गुरदास सिंह निवासी कौर वाला को काबू करके उनसे एक नौ एमएम का पिस्टल, एक रिवाल्वर, एक पिस्टल 315 बोर, एक राइफल 12 बोर, आठ कारतूस और एक तेजधार दाह बरामद किया। पुलिस ने इनसे एक गाड़ी भी बरामद की है। एसएसपी थिंद ने बताया कि पुलिस पूछताछ दौरान गिरोह के सरगना सुखचैन सिंह ने स्वीकार किया कि वह हथियारों से लैस होकर गांव उलोके के सरपंच जग्गा सिंह को मारने जा रहे थे क्योंकि उससे उसके साथ निजी दुश्मनी है। पुलिस ने पांचों के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज किया है।