स्थानीय सेंच्युरी एनक्लेव कालोनी की मार्केट में स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम को मंगलवार देर रात लूटने की कोशिश की गई। तीनों लुटेरों ने यह एटीएम तोड़ लिया था, लेकिन ऐन मौके पर पुलिस पार्टी गश्त करते हुए वहां पहुंच गई और लुटेरों को कार में फरार होना पड़ा। इससे लाखों की लूट की वारदात होने से टल गई। पुलिस के मुताबिक बैंक ने हफ्ता पहले इस एटीएम में सात लाख रुपये डाले थे।
खास बात यह है कि करीब पांच-छह महीने पहले भी इसी एटीएम को लूटने की कोशिश की गई थी। उस समय लुटेरे एटीएम को पूरी तरह से तोड़ नहीं पाए थे। बाद में आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और जो इस समय जेल में हैं।
यह इलाका पटियाला-नाभा रोड पर है। मंगलवार देररात करीब तीन बजे कुछ लुटेरे जब एचडीएफसी बैंक के एटीएम को लूटने के इरादे से इसे तोड़ रहे थे, तो अचानक ही हवलदार निर्मल सिंह और हवलदार अवतार सिंह पर आधारित एक पुलिस पार्टी टवेरा गाड़ी में गश्त करते हुए वहां पहुंच गई। पुलिस पार्टी को देखते ही लुटेरे फरार हो गए, जो स्विफ्ट कार में थे।
घटना का पता लगने पर संबंधित पुलिस चौकी माडल टाउन के इंचार्ज एएसआई गुरनाम सिंह अपनी टीम समेत घटनास्थल पर पहुंचे। उच्च पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। चारों तरफ नाकाबंदी करा दी गई है और लुटेरों की तलाश जारी है। पुलिस की मुस्तैदी के कारण एटीएम लूटने की वारदात होने से टल गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।