पटियाला के गांव करहाली साहिब में रंजिश के चलते युवक की किरपानों से वार कर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान 32 वर्षीय मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
आरोपियों से एक युवक मनप्रीत की भाभी से छेड़छाड़ भी कर चुका है जिसका मनप्रीत ने विरोध जताया था। दोनों के पहले झगड़ा भी हुआ था। इसी रंजिश में युवक की हत्या कर दी गई। थाना पसियाना पुलिस ने मामले में करहाली साहिब निवासी बलकार सिंह, गुरबिंदर सिंह, लाडी व गुरध्यान सिंह समेत छह अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: लॉ स्टूडेंट पर नस्लीय टिप्पणी: पंजाब रोडवेज की बस से अपमानित कर उतारा, अरुणाचल की छात्रा ने मांगा इंसाफ
मामले के जांच अधिकारी थाना पसियाना के इंचार्ज अमनपाल सिंह विर्क के मुताबिक आरोपी बलकार सिंह मनप्रीत सिंह की भाभी पर बुरी नजर रखता था। आरोपी ने उसकी भाभी से छेड़छाड़ की थी जिसका उसने विरोध भी किया था। मृतक के भाई गुरबीर सिंह के मुताबिक तकरीबन एक महीने मनप्रीत और बलकार का छेड़छाड़ को लेकर झगड़ा हुआ था।
इसी रंजिश के चलते बलकार सिंह ने रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपने साथियों के साथ मिलकर मनप्रीत सिंह को घेर लिया। उस समय मनप्रीत सिंह अपने खेत से घर जा रहा था। आरोपियों ने पहले मनप्रीत सिंह के साथ काफी मारपीट की। इसके बाद किरपानों के साथ उस पर वार किए जिससे मनप्रीत सिंह की मौत हो गई। पुलिस का कहना कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।