मंडी गोबिंदगढ़ के सिविल अस्पताल में जख्मी यशपाल व उसका हाल जानते हुए एसएसपी एचएस भुल्लर।
- फोटो : अमर उजाला
अमलोह रोड इलाके स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के पास सोमवार शाम करीब पांच बजे दो बाइक सवारों ने एक लोहा व्यापारी के सिर पर लोहे की रॉड मारकर उससे 24 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। जख्मी हालत में व्यापारी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उन्हें डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया।
घायल की पहचान यशपाल बंसल (32) पुत्र तरसेम लाल निवासी 332-सेक्टर 21- शिवपुरी मंदिर गांधी नगर मंडी गोबिंदगढ़ के तौर पर हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर सिविल अस्पताल पहुंचे एसएसपी हरचरन सिंह भुल्ला, डीएसपी (डी) करनशेर सिंह ढिल्लों और डीएसपी अमलोह पुरुषोत्तम सिंह बल और एसएचओ मंडी गोबिंदगढ़ कंवलजीत सिंह ने जख्मी का हाल जाना।
मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार यशपाल बंसल मेन बाजार स्थित एचडीएफसी बैंक से कैश निकलवाकर लाया था। कई पार्टियों की पेमेंट बैग में थी जिसे लुटेरों ने अमलोह रोड पर अंजाम देकर छीन लिया।