शहर में फिरोजपुर मार्ग पर बुधवार की दोपहर सुरक्षा कर्मचारी ने कैश वैन लूटने की कोशिश नाकाम कर दी। इस पूर्व फौजी ने लुटेरे के सिर में बंदूक की बट मारकर नीचे गिरा दिया। इस पर दूसरा लुटेरा उसकी आंखों में मिर्च डालकर भाग निकला।
पकड़े गए लुटेरे से 32 बोर का लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद हुआ है। एसपीडी राजेश्वर सिंह ने बताया कि थाना सिटी पुलिस ने केस दर्ज किया है। काबू किए गए लुटेरे से पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी सिटी संदीप शर्मा ने बताया कि यहां दोपहर तकरीबन 2 बजे फिरोजपुर मार्ग स्थित आईसीआईसी बैंक ब्रांच को चैकमैट्ट नाम की कंपनी के कर्मी सुपरवाइजर सूबेदार निर्मल सिंह गांव डरोली भाई ओर सुरक्षा जवान नायक सुखविंदर सिंह गांव घल्लकला वैन में कैश देने आ रहे थे।
कैश वैन को नायक अंग्रेज सिंह गांव बुघ्घीपुरा चला रहा था। बैंक के सामने सीवरेज का काम चल रहा था। इस पर कंपनी कर्मी बैंक के सामने दूसरी साइड पर कैश वैन खड़ी कर कैश वाला थैला उठा कर बैंक की तरफ बढ़ने लगे।
इसकी बीच एक नौजवान ने 32 बोर का रिवाल्वर दिखा कर थैला छीनने की कोशिश की। इस पर सुरक्षा जवान सुखविंदर सिंह ने उसके सिर में बंदूक की बट मार कर नीचे गिरा दिया। उसके हाथों रिवाल्वर नीचे गिर पड़ा तो दूसरे लुटेरे ने सुरक्षा जवान की आंखों में मिर्च डाल दीं और भाग निकला।
सुरक्षा कर्मियों ने लोगों की मदद से एक लुटेरे को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक काबू किए गए आरोपी की पहचान बलदेव सिंह गांव वर्रे और कार समेत फरार लुटेरे की पहचान तेजिंदर सिंह गांव चीमा के तौर पर हुई है।
पुलिस ने बताया कि लुटेरे से बरामद रिवाल्वर लाइसेंसी है और फरार आरोपी तेजिंदर सिंह के किसी पारिवारिक मेंबर का बताया जाता है। डीएसपी ने बताया कि मौके से काबू आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दोनों ने पहले शराब पी और वह काले रंग की ऑल्टो कार में कैश वैन का पीछा कर रहे थे।