हत्या की कोशिश में पूर्व यूथ अकाली जिला प्रधान समेत चार पर केस, दो काबू
पटियाला की साई मार्केट में अकाली नेता पर ही गोलियां चलाने का आरोप, बाल-बाल बचा पीड़ित
हमले के दौरान अकाली नेता के साथ मौजूद उसके भाई पर भी रॉड मारी
गिरफ्तार आरोपियों से नाजायज असलाह बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पूर्व यूथ अकाली दल जिला शहरी प्रधान विक्की रिवाज समेत चार के खिलाफ दो नंबर डिवीजन पुलिस ने हत्या की कोशिश, साजिश रचने और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोप है कि विक्की रिवाज ने अपने तीन साथियों को भेजकर साई मार्केट के एक दुकानदार पर गोलियां चलवाईं। जबकि वह इस घटना में बाल-बाल बच गया। पीड़ित दुकानदार भी अकाली दल से ही संबंधित है। पुलिस ने फिलहाल मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को काबू कर लिया है, जिनके पास से असलाह बरामद हुआ है।
जांच अधिकारी दो नंबर डिवीजन से एएसआई केहर सिंह ने बताया कि वीरवार रात करीब साढ़े 9 बजे पटियाला की साई मार्केट में गोलियां चलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को साई मार्केट में ही दुकान चलाने वाले व अकाली नेता तिलक राज उर्फ बाबी टेंडर निवासी कश्मीरियां वाली गली राघो माजरा ने बताया कि वह अपनी दुकान बंद कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी बीच डिजायर कार में मौके पर तीन लोग पहुंचे, जिन्होंने उस पर दो गोलियां चलाईं। किसी तरह पीलरों के पीछे छिपकर जान बचाई। जबकि मौके पर दुकानदार के साथ मौजूद उसके भाई की बाजू पर एक आरोपी ने रॉड मारी। बाद में आरोपी मौके से कार में फरार हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस पर यह हमला पूर्व यूथ अकाली दल जिला शहरी प्रधान विक्की रिवाज ने अपने लोगों को भेज कर कराया है। उन्होंने बताया कि उस पर रुपिंदर उर्फ भुपा ने गोलियां चलाईं, जबकि उसके भाई पर आरोपी हरजिंदर उर्फ काली ने राड से हमला किया। उनके साथ गुरी सिंह नाम का भी एक आरोपी था। पुलिस को मौके से दो राउंड फायर मिले है। पुलिस के मुताबिक दोनों पार्टियां पटियाला कैरियर ट्रांसपोर्ट पर काम करती हैं, वहां पर किसी रंजिश को लेकर इस घटना को अंजाम दिया लगता है। बाद में पुलिस ने आरोपी रुपिंदर उर्फ भुपा व काली को गिरफ्तार करके उनसे 32 बोर पिस्टल समेत एक कारतूस बरामद किया है।