वीरवार सुबह पटियाला-संगरूर रोड पर हुए हादसे में बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई पीआरटीसी की बस।
- फोटो : PATIALA
पटियाला-संगरूर रोड पर वीरवार सुबह धुंध की वजह से एक तेज रफ्तार टिप्पर ने पीआरटीसी की बस में टक्कर मार दी। इससे बेकाबू होने के कारण बस की टक्कर एक ट्रक के साथ हो गई। हादसे में बस चालक, कंडक्टर समेत 20 सवारियां घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत सरकारी राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया। खबर लिखे जाने तक घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही थी।
उधर, थाना पसियाना पुलिस ने टिप्पर के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था, जो वारदात के बाद से फरार था। मामले के जांच अधिकारी थाना पसियाना से एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि वीरवार सुबह करीब साढ़े सात बजे चंडीगढ़ डिपो की पीआरटीसी की बस पटियाला वाया संगरूर होते हुए डबवाली की तरफ जा रही थी। धुंध के कारण पटियाला-संगरूर रोड पर गांव राजगढ़ के नजदीक एक तेज रफ्तार टिप्पर ने बस में टक्कर मारी।
इसके बाद बस चालक का संतुलन बिगड़ गया और उसकी टक्कर आगे जा रहे ट्रक के साथ हो गई। हादसे में बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और बस चालक, कंडक्टर समेत 20 सवारियां घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस में सरकारी राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के बाद सभी को छुट्टी कर दी गई, लेकिन एक की हालत खराब होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।