राजपुरा में थाना घनौर से 300 मीटर दूर स्थित यूको बैंक की शाखा में सोमवार को तीन बदमाशों ने अधिकारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर 18 लाख रुपये लूट लिए। बैंक से भागते वक्त लुटेरे एक ग्राहक की बाइक भी ले गए। बाद में पुलिस ने एक किलोमीटर दूर बाइक बरामद कर ली। बैंक में कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर शाम चार बजे तीन नकाबपोश घनौर-पटियाला रोड पर स्थित बैंक में घुसे और बैंक स्टाफ व ग्राहकों पर पिस्तौल तान दी। बदमाशों ने सभी के मोबाइल फोन और गाड़ियों की चाबियां छीन ली। आरोपियों ने 15 मिनट के भीतर बैंक कैशियर से 15.65 लाख और एक ग्राहक से करीब 2.20 लाख रुपये लूट लिए।
लूट की सूचना मिलते ही एसएसपी वरुण शर्मा, एसपी डी हरबीर अटवाल और थाना घनौर इंचार्ज साहिब सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शंभू बैरियर और घनौर के सभी चौराहों पर नाके भी लगाए, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लगा।