गरीबों का गेहूं अवैध रूप से बाजार में बेचने जा रहे डिपो होल्डर और उसके साथी टेंपो चालक को घुमाण चौंक में पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा है। घुमाण पुलिस ने टेंपो में लदी करीब गेहूं की 220 बोरियां बरामद करके दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना घुमाण के एसएचओ इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से सरकारी गेहूं को कहीं बाहर बेचने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर शनिवार की देर रात पुलिस ने घुमाण चौक में नाकाबंदी कर रखी थी। नाकाबंदी के दौरान एक टेंपो को रोक जांच पड़ताल की गई। टेंपो में 220 बोरी सरकारी गेहूं लदा मिला।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी सुखविंदर सिंह निवासी गांव बाघे डिपो होल्डर है और वह यह सरकारी गेहूं अवैध रूप में कहीं बेचने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी सुखदेव सिंह और उसके साथी टेंपो चालक इंद्रजीत सिंह निवासी गांव जाजा को गिरफ्तार कर गेहूं की बोरिया जब्त कर लीं।
एसएचओ ने बताया कि दोनों ही आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसएचओ ने बताया कि इस मामले में कुछेक ओर डिपो होल्डर और संबंधित विभाग के एक अधिकारी भी शामिल होने की जांच की जा रही है। आने वाले समय में और अहम खुलासे हो सकते हैं।