जीरकपुर। शहर में लगातार बढ़ रही लूट और झपटमारी की वारदातों को रोकने के लिए ढकोली पुलिस ने मंगलवार को ज्वेलर्स के साथ मीटिंग की। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लूट करने वाले किसी को भी निशाना बना सकते हैं लेकिन इस तरह के कारोबार करने वालों पर लुटेरों की नजर ज्यादा रहती है। इसलिए ज्वेलर्स को मौजूदा हालात को देखते हुए चौकन्ना रहने, साथ ही सुरक्षा इंतजामों को पूरा रखना, इन्हीं बातों को लेकर ढकोली पुलिस स्टेशन में ज्वेलर्स की मीटिंग हुई। ढकोली थाने के एसएचओ हरदीप सिंह ने ज्वेलर्स से कहा कि सभी की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए। साथ ही अलार्म और सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था भी जरूरी है। पुलिस के पहुंचने तक किसी भी हालत में खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश करें। पुलिस और कारोबारियों के आपसी सहयोग से वारदातों पर रोक लगाई जा सकती है। जीरकपुर में लगातार पुलिस सर्च ऑपरेशन के साथ-साथ पब्लिक से मीटिंग कर रही है। पुलिस की ओर से हिदायत दी गई है कि दुकानों पर रखे कर्मचारियों की वेरिफिकेशन जरूरी है।
पुलिस ने चला रखा है सर्च अभियान
शहर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस ने इन दिनों शहर में सर्च अभियान चला रखा है। इस दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस चाहती है कि जीरकपुर में कहीं भी कोई अपराधी छिपा न रह सके। इसको लेकर पुलिस ने गश्त भी तेज कर दी है। इसके अलावा जीरकपुर के संवेदनशील एरिया में गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है। भीड़भाड़ वाले एरिया में पुलिस की टीमें नजर रखे हुए हैं। शहर में कई जगह नाके लगाकर रूटीन में वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है। संदिग्ध लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। शहर की मार्केट्स में भी पुलिस सर्च कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा होटल्स और रेस्टोरेंट्स में भी पुलिस की टीमें पहुंच रही हैं। जीरकपुर की सोसायटीज और अपार्टमेंट्स में घेराबंदी करके पुलिस सर्च कार्रवाई कर रही है ताकि अपराधी एरिया में कहीं छिपे हों तो भागने न पाएं। शॉपिंग मॉल्स, होटल्स, दुकानों और ढाबों सहित बाजार और सार्वजनिक जगहों पर चेकिंग की जा रही है। शहर में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए होटल्स, रेस्टोरेंट्स और पब आदि के संचालकों को उनके यहां आने वाले लोगों का रिकॉर्ड मेंटेन करने को कहा जा रहा है। ग्राहकों की पहचान के लिए आईडी कार्ड और अन्य डॉक्यूमेंट्स चेक करके रिकॉर्ड मेंटेन करने को कहा जा रहा है।
शहर में बाहर से आने वाले वाहनों को चेक करने के बाद ही आने दिया जा रहा है। घरों या पीजी हाउस में किराये पर रह रहे लोगों की पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य है। पुलिस आम लोगों से भी आग्रह कर रही है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या कोई संदिग्ध नजर आए तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ सहयोग करें।
अपार्टमेंट्स और सोसायटीज में सीसीटीवी कैमरे लगाने जरूरी
पुलिस इन दिनों शहर में अपार्टमेंट्स और हाउसिंग सोसायटीज में सिक्योरिटी के इंतजामों को लेकर भी चेकिंग कर रही है। अपार्टमेंट्स की मैनेजमेंट को मैन गेट सहित सभी महत्वपूर्ण जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए कहा जा रहा है। कई बार लोग सीसीटीवी कैमरे तो लगवा लेते हैं लेकिन उनकी क्वालिटी अच्छी नहीं होती है। ऐसे में इन सीसीटीवी से अपराधियों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। पुलिस ने अपार्टमेंट्स, मॉल्स, होटल्स सहित तमाम जगहों पर अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा है। ये सभी कैमरे वर्किंग कंडीशन में होने जरूरी हैं। इसके अलावा सिक्योरिटी गार्ड और अपार्टमेंट्स में आने-जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड मेंटेन करने के लिए भी कहा जा रहा है। जीरकपुर में कई ऐसे अपार्टमेंट्स भी हैं, जहां सिक्योरिटी के इंतजाम नहीं हैं। इसलिए अपराधी इसी तरह के फ्लैट्स में आसानी से छिप सकते हैं क्योंकि यहां आने-जाने में किसी तरह की रोक-टोक नहीं होती। इन सभी अपार्टमेंट्स में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सिक्योरिटी गार्ड रखने को कहा गया है। लोगों को भी पुलिस की इस कार्रवाई से काफी उम्मीदें हैं। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों में ही वाहन व रुपए लूटने और चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। ऐसे में लोगों को भयमुक्त करने के लिए अपराधियों की धरपकड़ जरूरी है।