खरड़। सिटी पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक बठिंडा निवासी जसपाल कौर अपने पड़ोस में रहने वाली एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को यह कहकर साथ यहां ले आई कि वह उसे अपनी बेटी बनाकर रखेगी। लड़की के परिजनों ने बेटी को जसपाल कौर के साथ भेज दिया। यहां आकर जसपाल कौर ने लड़की को वार्ड-2 के निवासी जतिंदर गोयल के पास छोड़ दिया और खुद वहां से चली गई। जतिंदर गोयल ने लुधियाना निवासी अंकित बग्गा को घर बुलाया और दोनों लड़की को रंधावा रोड पर स्थित एक मकान में ले गए। अंकित ने शराब पीकर नाबालिग लड़की के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। वहीं जब नाबालिग ने शोर मचाया तो अंकित ने जान से मारने की धमकियां दी। करीब तीन दिन बाद जब जसपाल कौर यहां पहुंची तो उक्त लड़की ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी उसे दी। इस पर जसपाल कौर ने कहा कि यह तो यहां सब चलता है, आपको यह सब कुछ करना ही पड़ेगा। पुलिस के मुताबिक नाबालिग उक्त दोनों आरोपियों से बचकर किसी तरह अपने घर बठिंडा पहुंची और अपनी मामी को पूरी जानकारी दी। इस पर नाबालिग की मामी ने बठिंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। जांच कर रहे एएसआई नरिदर सिंह ने बताया कि बठिंडा से खरड़ सिटी थाने में जीरो एफआईआर काटकर आई थी तो पुलिस ने इस मामले में नाबालिग लड़की की मामी की शिनाख्त पर आरोपी अंकित बग्गा निवासी प्रीत नगर जालंधर, जतिंदर गोयल उर्फ लाडी निवासी मुंडी खरड़ और जसपाल कौर पत्नी जोगिंदर सिंह निवासी बठिंडा को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। यहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।