मोहाली। चोरी की बाइक पर घूम रहे एक नौजवान को फेज-8 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संदीप कुमार निवासी मकान नंबर-1418/15, फेज-11 मोहाली के रूप में हुई हैं। उसे परिजनों ने शादी के बाद अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया। इसके बाद बेरोजगारी में खर्चे पूरा करने के चलते दोपहिया वाहन चोरी करना शुरू कर दिए। आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इसके बाद पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर 2 अन्य चोरी किए हुए दोपहिया वाहनों बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर को बस स्टैंड के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदीप हीरो बाइक पर सवार होकर आ रहा था। शक के आधार पर रोककर पुलिस ने पूछताछ करते हुए बाइक के दस्तावेज दिखाने के लिए कहा, लेकिन संदीप पुलिस को दस्तावेज दिखाने में असमर्थ रहा। इसके बाद पुलिस ने हिरासत में लेकर सख्त से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी संदीप की निशानदेही पर 2 एक्टिवा स्कूटर भी बरामद कर लिए, जिनको आरोपी संदीप ने अलग-अलग हिस्सों से चोरी किया था।
नौकरी की बजाय चुन लिया चोरी का रास्ता
जानकारी के मुताबिक, 24 साल की उम्र में संदीप को एक लड़की से प्यार हो गया और परिजनों की सहमति बिना लड़की के साथ लव मेरिज कर ली। इसके बाद संदीप को उसके परिजनों ने अपनी संपत्ति से बेदखल करते हुए घर से बाहर कर दिया। दूसरी ओर, नौकरी की तलाश करने की बजाय आरोपी संदीप ने दोपहिया वाहन चोरी करना शुरू कर दिए और एक के बाद 3 वाहन शहर के अलग-अलग हिस्सों से चोरी कर लिए। बाद में इन वाहनों को मामूली दामों पर बेचकर खर्चें पूरा करता था।