मोहाली। नगर निगम का फोकस अब खस्ताहाल चल रहे औद्योगिक क्षेत्र पर आ गया है। इसी कड़ी में औद्योगिक क्षेत्र फेज-पांच के पार्क को चालीस लाख रुपये की लागत से संवारने का फैसला लिया गया है। विधायक एवं पूर्व सेहतमंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने इसे संवारने के काम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सारा काम तय समय में किया जाएगा। पार्क में लाइटिंग व अन्य सुविधाएं भी लोगों को खूब रास आएंगी। उन्होंने बताया कि कोशिश यही है कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक पार्क को पसंद करें।
जानकारी के मुताबिक, पार्क में फुटपाथों को नए सिरे से बनाया जा रहा है। पार्क में तीन वेदर शेल्टर बनाए जाएंगे। साथ ही नए सिरे से लाइट लगाई जाएगी। यह लाइट पूरी तरह सेंसर सिस्टम पर आधारित होगी। मौसम बदलने पर अपने आप जलना शुरू हो जाएगी। साथ ही इनकी ऊंचाई भी इस तरह रहेगी कि शरारती तत्व इन्हें नुकसान न पहुंचा पाए। वहीं, विधायक बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि पूरे मोहाली हलके में तेज गति से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। विकास कार्यों में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पहले भी विभिन्न विभागों की तरफ से मोहाली को पैसे दिलवाए हैं। साथ अब भी निगम को अन्य विभागों से बकाया राशि दिलाने के लिए काम चल रहा है। मेयर अमरजीत सिह जीती सिद्धू ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके पास कोई भी आइडिया आए तो उनसे जरूर शेयर करें। इस मौके पर सीनियर मेयर अमरीक सिंह सोमल, डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी व अन्य मौजूद रहे।