मोहाली। वीआईपी जिले में 12 से 14 वर्ष के बीच के बच्चों में टीकाकरण अभियान धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। अगर छुट्टी वाले दिन को छोड़ दें तो 200 से अधिक बच्चे टीका लगवाने सेहत केंद्र पहुंचकर देश के नागरिक होने का फर्ज अदा कर रहे हैं जबकि 16 मार्च को अभियान की शुरुआत के पहले पांच दिनों में मात्र 73 बच्चों ने टीका लगवाया पर उसके अगले पांच दिनों (21 से 25 मार्च) में 1130 बच्चों ने टीका लगवाया।
जिले में मोहाली, खरड़ और डेराबस्सी में सिविल अस्पातल में बनाए तीन टीकाकरण केंद्रों पर सुबह 8 से शाम 7 बजे तक टीकाकरण किया गया ताकि टीकाकरण का लक्ष्य जल्द पूरा हो। शुरू-शुरू में कम ही संख्या में बच्चे टीकाकरण करवाने पहुंचे परन्तु विभाग द्वारा फैलाई जागरूकता के बाद अब 200 से 300 बच्चे रोज टीका लगवा रहे हैं। इसका असर है कि 20 मार्च के बाद बीते आठ दिनों में 1693 बच्चे अब तक टीकाकरण करवाकर अभियान में अपना सहयोग पा चुके हैं।
रोज 200 से 300 बच्चे करवा रहे टीकाकरण
मार्च में परीक्षाओं के बीच बच्चों का टीकाकरण करना सेहत विभाग के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। अब जिस तेजी से बच्चे टीकाकरण करवाने सेहत केंद्र पहुंच रहे हैं, उससे विभाग को उम्मीद है कि 31 हजार के लक्ष्य को विभाग जल्द हासिल कर लेगा।
पांच दिन में मात्र 73 बच्चों ने करवाया टीकाकरण
16 मार्च 04
17 मार्च 00
18 मार्च 00
19 मार्च 43
20 मार्च 26
आठ दिन में 1693 बच्चे टीका लगवाने पहुंचे
21 मार्च 303
22 मार्च 300
23 मार्च 78 (सरकारी छुट्टी)
24 मार्च 157
25 मार्च 292
26 मार्च 214
27 मार्च 25 (रविवार)
28 मार्च 324
टीका लगवाने में न बरतें कोताही
कोरोना महामारी से बचने के लिए टीकाकरण जरूरी है इसलिए 12 साल से अधिक उम्र वाले बच्चे को टीका लगवाने में पीछे नहीं रहना चाहिए। अपनी तरफ से लोगों को टीकाकरण का महत्व समझाने के लिए सोशल मीडिया पर विशेष मुहिम चलाई। इसमें रोज कविताएं पोस्ट करने के साथ-साथ एक जागरूकता फिल्म बनाकर साझा की।
-गुरप्रीत सिंह, कलाकार, वासी सेक्टर-119, मोहाली
टीकाकरण के साथ खानपान का रखें ध्यान
कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। मैंने खुद टीका लगवाने के साथ कई और साथियों को इसके लिए प्रेरित किया है। वहीं लोगों को इसदौर में खाने-पीने के लिए जागरूक करती हूं। लोगों को नारियल पानी, प्रोटीन युक्त खाना एवं इम्युनिटी बढ़ाने वाले खाने के बारे में बताती रहती हूं। बीमारी के दौर में लोगों को शारीरिक गतिविधि कम हो गई है। इस कारण मधुमेह बीमारी के मरीजों को खानपान में बहुत सावधानी रखनी चाहिए। -शैफाली शर्मा, डाइटीशियन, नयागांव
क्या कहते हैं अधिकारी
टीकाकरण अभियान को लेकर छुट्टी वाले दिन भी डॉक्टरों की टीमों को तैनात की है परन्तु बच्चे छुट्टी वाले दिन के बजाय वर्किंग-डे पर टीका लगवाने पहुंचते हैं।
-गिरीश डोगरा, जिला टीकाकरण अफसर, मोहाली