मोहाली। शिक्षा विभाग ने लंबे समय से गैर-हाजिर चल रही दो महिला शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया है। इसमें स्वर्णजीत कौर और जतिंदर कौर शामिल हैं। दोनों ही ईटीटी टीचर हैं। स्वर्णजीत कौर छोटा सिंघपुरा कुराली ब्लॉक और जतिंदर कौर नारायणगढ़ झुंगियां बनूड़ ब्लॉक में तैनात थीं। शिक्षा विभाग ने इन शिक्षकों को कई बार नोटिस जारी किए। अब सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इस बारे में आदेश जारी किए गए हैं। इन्हें तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
स्वर्णजीत 25 मई 2017 से और जतिंदर कौर 23 अप्रैल 2018 से ड्यूटी पर नहीं आ रही थी। स्वर्णजीत के मामले में उप जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) संतोष रानी ने 17 अप्रैल 2018 को जांच शुरू की थी, लेकिन इसमें वह शामिल नहीं हुई। इसी तरह जतिंदर कौर ने भी 26 अक्तूबर 2021 को सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनूड़ की प्रिंसिपल अनीता भारद्वाज द्वारा उनके खिलाफ जांच शुरू करने के बाद कोई जवाब नहीं दिया। डीईओ (प्राथमिक) सुशील नाथ ने कहा कि बर्खास्तगी के आदेश जारी कर दिए गए हैं। हम स्कूलों में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेंगे। उनकी लंबी अनुपस्थिति स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि उन्हें पढ़ाने में कोई दिलचस्पी नहीं है। इतना ही नहीं, नियम तोड़ने वाले शिक्षकों को माफ नहीं किया जाएगा।