लालड़ू। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो नशा तस्करों को एक किलो 600 ग्राम अफीम सहित काबू किया है। आरोपियों की पहचान लोकमन निवासी जिला बरेली यूपी और तेजपाल निवासी चांदपुर नवेदिया, थाना बमोरा, जिला बरेली यूपी के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
लालड़ू थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पार्टी ने हरियाणा-पंजाब सीमा पर स्थित गांव झरमड़ी के नजदीक नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान अंबाला की ओर से पैदल आ रहा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगा। पुलिस ने उसे रोक कर तलाशी ली तो उसके पास एक लिफाफे से एक किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसकी पहचान लोकमन निवासी जिला बरेली, यूपी के तौर पर हुई।
वहीं, दूसरे मामले के बारे में थाना प्रभारी ने बताया कि गुग्गा माडी के नजदीक खेल स्टेडियम के पास पुलिस पार्टी गश्त पर थी। इसी दौरान प्लास्टिक का लिफाफा लेकर पैदल जा रहे एक व्यक्ति की जांच की तो उसके लिफाफे से 600 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान तेजपाल निवासी चांदपुर नवेदिया, थाना बमोरा, जिला बरेली यूपी के रूप में हुई है।