मोहाली में हादसे में क्षतिग्रस्त कारें।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
मोहाली में नाइपर रोड पर स्थित फेज-10-11 लाइट प्वाइंट पर शुक्रवार रात करीब ढाई बजे दो गाड़ियों की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हालांकि कार सवार सुरक्षित हैं। आरोपी स्विफ्ट चालक मौके से फरार हो गया। गाड़ी से मिले आईडी कार्ड की मदद से पुलिस को ढूंढ रही है।
पीड़ित बोलेरो चालक गुरजोत सिंह ने पुलिस को बताया कि हम पांच साथी सेक्टर-66 से बोलेरो से आ रहे थे। इस दौरान रात करीब सवा दो बजे फेज-11 मार्केट से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बोलेरो में जोरदार टक्कर मारी। गाड़ियों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो एक यूनिपोल को तोड़ती हुई आगे दीवार के साथ जा लगी। वहीं स्विफ्ट कार का बोनट टूट गया। स्विफ्ट चालक डॉक्टर मौके पर क्षतिग्रस्त कार छोड़ भाग गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया।
गुरजोत ने बताया कि उनके साथ बोलेरो में चार और युवक थे। सभी को चोटें आई हैं। गाड़ी के नीचे उनका एक दोस्त दब गया था जिसे उन्होंने मिल कर निकाला। इसी दौरान स्विफ्ट चालक मौके से फरार हो गया। आरोपी कार चालक की गाड़ी की जांच करने पर पता लगा कि वह होम्योपैथिक डॉक्टर है। कार से स्टेथोस्कोप और शराब की बोतलें भी मिली हैं।