फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना की तीसरी लहर से निपटने को पंजाब सरकार ने मोहाली में बनाया अस्थायी कोविड अस्पताल

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए पंजाब सरकार ने आखिरकार 100 बिस्तरों का अस्थायी अस्पताल शुरू कर ही दिया। हालांकि इसकी शुरूआत की घोषणा दूसरी लहर से निपटने के लिए की गई थी, लेकिन सरकारी कामकाज की गति के चलते इसे दूसरी लहर खत्म होने के बाद ही शुरू किया जा सका। वैसे सेना से भी इसके लिए मदद ली गई थी। सेना ने चंद दिनों के भीतर ही अस्थायी अस्पताल शुरू कर दिया था और अब दूसरी लहर खत्म होने के बाद कोरोना सेवा में जुटे सैन्य कर्मी वापसी भी कर चुके हैं।
विज्ञापन

कोरोना की दूसरी लहर के दौरान जब संक्रमण के मामले बढ़े तब पंजाब सरकार ने फेज-6 में 100 बिस्तरों का अस्थायी अस्पताल बनाने की घोषणा की थी। इसी दौरान सेना से भी मदद मांगी गई थी। सेना ने महामारी के प्रकोप को देखते हुए चंद दिनों में ही अस्थायी अस्पताल तैयार कर काम शुरू कर दिया था। वहीं, पंजाब सरकार का अस्थायी अस्पताल अधिकारियों के दौरों, निरीक्षणों और फाइलों में भटकता हुआ दूसरी लहर के खत्म होने के बाद अस्तित्व में आया। इस अस्थायी अस्पताल में 8 आईसीयू समेत 100 बिस्तर तैयार किए गए हैं। हर कमरे में एसी और पंखा लगाया गया है। स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले राज्य के सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने इसका उद्घाटन किया।
डीसी गिरीश दियालन और एसएसपी सतिंदर सिंह सहित सेहत विभाग, प्रशासन और पुलिस के तमाम अधिकारी और मोहाली के कांग्रेसी नेता इस समारोह में मौजूद रहे। दूसरी लहर के दौरान स्थिति को संभालने के लिए बनाए जाने वाले इस अस्थायी अस्पताल को अब तीसरी लहर से निपटने की तैयारी बताया जा रहा है। सेहत मंत्री ने इस अस्पताल के उद्घाटन के दौरान दावा किया है कि मोहाली सेहत सुविधाओं के मामले में विश्व मानचित्र पर चमक रहा है। यह 15 हजार वर्ग फुट जगह में तैयार किया गया है। इसमें आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाए गए बिस्तर कोविड के लेवल-2 और लेवल-3 मरीजों के उपचार के लिए होंगे। इसे तैयार करने में 5.67 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसका संचालन फेज-6 केक बीआर आंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस यानि मोहाली का नया मेडिकल कॉलेज करेगा। इसके उद्घाटन के दौरान डीसी और एसएसपी के अलावा एडीसी कोमल मित्तल, हिमांशु अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज की निदेशक प्रिंसिपल डॉ. भवनीत भारती, सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. नवदीप सिंह, छत्तबीड़ चिड़ियाघर के निदेशक नरेश महाजन और जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सुखचैन सिंह सहित कई स्थानीय कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।
विज्ञापन

अब रोजाना लिए जा सकेंगे 400 बच्चों के सैंपल
सिविल अस्पताल के एसएमओ-2 डॉ. एचएस चीमा ने बताया कि पंजाब के स्कूलों को एक साल बाद बच्चों के लिए खोला गया। वहीं दो हफ्तों के अंदर ही कुछ पॉजिटिव मामले देखे गए हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने जिलों के सिविल अस्पताल को आदेश दिया है कि वह रोजाना अपने-अपने जिले के सरकारी स्कूलों में 400 बच्चों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लें। इसमें छोटी उम्र से लेकर बड़ी उम्र तक के बच्चे शामिल होंगे। जिस बच्चे की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आएगी उन्हें या तो अस्पताल में भर्ती किया जाएगा या फिर होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को बच्चों की कोरोना टेस्ट के लिए सैंपलिंग शुरू की गई। मोहाली के फेज-9 के सरकारी स्कूल के बच्चों की सैंपलिंग की जा चुकी है और इनकी रिपोर्ट 24 घंटे में प्रशासन को सौंपी जाएगी।
सेहत मंत्री ने अन्य 9 योजनाओं का भी किया उद्धाटन
पंजाब के सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए अस्थायी कोविड अस्पताल का उद्घाटन करने के साथ ही 9 अन्य योजनाओं का भी उद्घाटन किया। इनकी शुरूआत वर्चुअल माध्यम से की गई। जिनमें कुछ ऑनलाइन सुविधाओं सहित थानों और आईटी ब्लॉक की नई इमारत का उद्घाटन शामिल है। साथ ही छत्तबीड़ चिड़ियाघर में डायनासोर पार्क और जीरकपुर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन भी शामिल है।
विज्ञापन

इन योजनाओं की हुई शुरूआत
1. जन्म और मृत्यु की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी दी जा सकेगी और निजी अस्पतालों से भी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र मिल सकेंगे।
2. सेवा केंद्रों पर एनआरआई यानि प्रवासी भारतीय सैल से दस्तावेज प्रमाणित करवाने की सुविधा मिलेगी। अब इसके लिए अलग-अलग विभागों में नहीं जाना पड़ेगा।
3. अब वैब पोर्टल के जरिए आरटीआई के तहत जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके लिए संबंधित दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
4. शहीद मेजर हरमिंदरपाल सिंह सरकारी कॉलेज में आईटी ब्लॉक की नई इमारत का उद्घाटन हुआ। इस पर 183.87 लाख रुपये की लागत आई है।
5. मोहाली के दो थानों मटौर और जीरकपुर को नई इमारत मिली। सेहत मंत्री ने दोनों थानों की नई इमारत का उद्घाटन किया।
6. छत्तबीड़ चिड़ियाघर में डायनासोर पार्क और आऊट हाउस का उद्घाटन हुआ। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों में चिड़ियाघर में आने का रुझान बढ़ेगा।
7. जीरकपुर में 17 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का नींव पत्थर सेहत मंत्री ने वर्चुअली रखा। इससे जीरकपुर में सीवर की समस्या हल होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें