जीरकपुर। शहर में बुधवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे जीरकपुर-पटियाला रोड पर भयानक सड़क हादसे में माल से भरे एक ट्रक के पलटने के कारण एक 15 वर्षीय किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय किशोर आकाश, 25 वर्षीय खुर्शीद और 24 वर्षीय भाईलाल के रूप में हुई है। जबकि हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी ट्रक चालक हबीब खान निवासी सोपिया स्कूल, तिलक नगर, बीकानेर हादसे के समय नशे में बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जिस समय यह ट्रक पलटा तो इससे एक खंभे से टकराया और फिर सड़क किनारे भाईलाल धर्मकांटे की दीवार को तोड़कर नीचे गहराई में जाकर पलट गया। इस दौरान धर्मकांटे पर तुड़ी का काम कर रहे खुर्शीद और भाई लाल इसके नीचे दब गए। इस हादसे के बाद पुलिस ने भाई लाल और किशोर आकाश का शव कब्जे में लेकर डेराबस्सी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जबकि घायल खुर्शीद को चंडीगढ़ ले जाते हुए उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। उसका शव जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ की मोर्चरी में रखवाया गया है। वीरवार को शवों के पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतकों के परिजनों के आने पर उनको सौंप दिए जाएंगे।