मोहाली। शुक्रवार को अपनी मांगों को लेकर बेरोजगार चल रहे पीटीआई शिक्षकों ने सोहाना स्थित एयरपोर्ट पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पूरे दिन जाम लगाया। इससे दिन भर लोग परेशान होते रहे। शाम साढ़े 4 बजे के करीब जब शिक्षक प्रदर्शन कर रहे थे तो उन्हें पता चला कि सीएम चरणजीत सिंह चन्नी का भतीजा गाड़ी लेकर वहां से गुजर रहा है। ऐसे में वह उनकी गाड़ी को घेरने लगे। जबकि पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और शिक्षकों में हाथापाई हो गई। इस दौरान कमल मानसा नाम के शिक्षक ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की। आखिर में प्रशासन ने आनन फानन में सोमवार को उच्च अधिकारियों से बैठक का समय दिलवाकर शिक्षकों को शांत किया।
जानकारी के मुताबिक बेरोजगार ईटीटी 646 शिक्षक काफी दिनों से सोहाना एयरपोर्ट रोड स्थित पानी की टंकी पर संघर्ष पर चल रहे हैं। टीचरों ने दशहरा और दिवाली भी यहीं पर मनाई है। लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिर में शिक्षकों ने शुक्रवार सुबह 11 बजे एयरपोर्ट रोड पर जाम लगा दिया। ऐसे में पुलिस आफत में आ गई। पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर स्थिति संभाली। इसी बीच शाम सात बजे के करीब जब टीचर धरने पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि सीएम चरणजीत सिंह चन्नी का भतीजा अपनी कार में जा रहा है। टीचरों ने उसका घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। शिक्षकों का आरोप है कि पूरा दिन प्रशासन ने उनकी सुनवाई नहीं की। जब सीएम के भतीजे की बारी आई तो उनसे धक्का मुक्की की गई। यहां तक लाठियां बरसाने की कोशिश भी की गई। इस दौरान एक टीचर ने खुद पर तेल छिड़कर आग लगाने की कोशिश की। जिसने पुलिस की नींद उड़ा दी। आखिर में एसडीएम, तहसीलदार व पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सोमवार को शिक्षकों को मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी, शिक्षामंत्री व शिक्षा सचिव से मीटिंग का समय दिलाया। इसके बाद शिक्षक शांत हुए।