संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। जीरकपुर शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव रामपुर सियुडी के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने रोड किनारे खड़ी डायल 112 गाड़ी को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह डायल 112 गाड़ी का इंचार्ज किसी मामले में रामपुर सियुडी पहुंचे थे। इसी दौरान पंचकूला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने रोड किनारे खड़ी डायल 112 गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस की गाड़ी में पुलिस इंचार्ज सहित एक होमगार्ड जवान मौजूद था। डायल 112 के इंचार्ज राजेंद्र ने बताया कि वे किसी मामले की जांच के लिए रामपुर सियुडी पहुंचे थे। गाड़ी को रोड के किनारे खड़ी कर वे मामले की तफ्तीश कर रहे थे। जबकि गाड़ी में होमगार्ड मौजूद था। अचानक पंचकूला की ओर से तेज रफ्तार कार आई और उनकी गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे में वह और होमगार्ड पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि डायल 112 गाड़ी को टक्कर मारने वाले कार चालक को मामूली चोटें आईं हैं। हादसे की सूचना के बाद पुलिस चौकी इंचार्ज प्रताप सिंह पहुंचे और घायल कार चालक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।