जीरकपुर। शहर के बलटाना इलाके में तीन बच्च शाहरुख खान, सोहेल खान और पलक के लापता होने का मामला सामने आया है। यह तीनों वीरवार को दोपहर 12 बजे घर से खाना खाने के बाद खेलने निकले थे और इसके बाद से वापस नहीं लौटे। जानकारी के मुताबिक यह तीनों बच्चे गरीब परिवार से हैं और इनका पिता नहीं है और माता किसी मामले में जेल में है। जबकि यह तीनों अभी अपनी चाची के पास रह रहे थे। उनकी चाची सोनिया ने इनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बलटाना पुलिस चौकी में लिखवा दी है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी पिछले साल लॉकडाउन के दौरान यह तीनों बच्चे ढकोली से लापता हो गए थे। उस समय वह चाची के साथ ढकोली में रह रहे थे। इनकी चाची ने इनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट ढकोली थाने में दर्ज करवाई थी। लेकिन यह तीनों बच्चे दो दिन बाद डेराबस्सी से मिल गए थे और इनकी रिपोर्ट रद्द करवानी पड़ी थी। हैरानी की बात यह है कि यहीं तीनों बच्चे फिर से लापता हो गए हैं।
दरअसल बलटाना में रह रही बच्चों की चाची सोनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी जेठानी के 4 बच्चे उनके पास ही रहते हैं। इनमें से तीन बच्चे शाहरुख खान (8), फलक (6), सोहेल खान (5) खाना खाने के बाद खेलने के लिए वीरवार को करीब 12 बजे घर से निकले थे। इसके बाद से वह देर शाम तक जब वह वापस नहीं पहुंचे तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी। उनको आसपास ढूंढने के बाद जब वह रात को भी घर नहीं लौटे तो शुक्रवार सुबह पुलिस के पास शिकायत दी गई है। बलटाना पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि सोनिया निवासी नजदीक आंगनबाड़ी केंद्र बलटाना ने तीन बच्चों के लापता होने की शिकायत दी है। पुलिस ने तीनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। बच्चों के माता-पिता के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने बताया कि बच्चे के पिता की मौत हो चुकी है और बच्चों की मां किसी मामले में जेल में है। आजकल इनकी देखभाल बच्चों की चाची सोनिया ही कर रही है। जबकि सोनिया के खुद के भी चार बच्चे हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी पिछले साल लॉकडाउन के दौरान यहीं तीनों बच्चे ढकोली से लापता हो गए थे। इसके बाद परिवार ने इनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट ढकोली थाने में लिखवाई थी। लेकिन दो दिन के बाद यह तीनों डेराबस्सी से मिल गए थे। उस समय जांच में सामने आया था कि यह बच्चे घर से खाने की तलाश में निकले थे और खाना ढूंढते हुए डेराबस्सी पहुंच गए थे। अब फिर से यहीं तीनों लापता हो गए हैं और पुलिस इनकी तलाश में जुट गई है।