जीरकपुर। शहर की नगला बाजीगर बस्ती के लोग सीवरेज का पानी ओवरफ्लो होकर रोड-गलियों में भरने के कारण परेशान हैं। यहां की गलियों में घुटनों तक गंदा पानी भरा हुआ है, इस कारण यहां पर लोगों को पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। इसकी शिकायत लोग लंबे समय से नगर काउंसिल के अधिकारियों और प्रधान को करते आ रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं किया गया।
इस संबंधी बाजीगर बस्ती नगला निवासी अशोक कुमार, बलविंदर कुमार, अजीत कुमार, गुरमीत कुमार, रोशन लाल, खैराती लाल, मदन कुमार, सिमरन, परमजीत, अमरीक सिंह, दलीप कुमार आदि ने बताया कि उनका गांव 2017 में नगर काउंसिल में शामिल किया गया था। जिसे पांच साल हो चुके हैं, लेकिन आज तक सीवरेज लाइन ही नहीं डाली गई। गांव की गलियां भी नगर काउंसिल में आने से पहले ही बनी थी, इनकी दोबारा मरम्मत तक नहीं की गई। लोगों ने टैंक बनाकर सीवरेज उनमें डाला हुआ है। लेकिन जब टैंक भर जाते हैं तो सीवरेज का दूषित पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में बहता है। इससे गांव के लोग परेशान हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब उनका गांव नगर काउंसिल के अंतर्गत आया था तो उस समय अकाली दल की सरकार थी और पिछले कुछ साल से कांग्रेस की सरकार भी रही है। तीसरी सरकार अब आम आदमी पार्टी की बन चुकी है और उनके गांव में आज तक सीवरेज नहीं डाली गई और अभी तक कोई उम्मीद भी दिखाई नहीं दे रही है। स्थानीय लोगों ने नगर काउंसिल से गुहार लगाई कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाए। लोगों ने चेतावनी भी दी है कि अगर उनकी समस्या का हल न किया गया तो वह संघर्ष करने को मजबूर हो जाएंगे।
सफाई कर्मचारी भेज दिए हैं
शहर की नगला रोड पर बाजीगर बस्ती में सीवरेज ओवरफ्लो होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद वहां पर समस्या का समाधान करने के लिए कर्मचारी भेज दिए गए हैं। -कुलवंत जेई, नगर काउंसिल, जीरकपुर
जल्द डाली जाएगी सीवरेज लाइन
वीरवार को गांव नगला रोड पर बाजीगर बस्ती के निवासी इस समस्या को लेकर मिलने आए थे। इसके बाद सीवरेज टैक्नीकल टीम को मौके पर भेजकर सीवरेज ओवरफ्लो होने के कारण का जायजा लिया जा रहा है। हाउस की मीटिंग में बाजीगर बस्ती में सीवरेज डालने के लिए मत पास करवाकर सीवरेज लाइन भी जल्द ही डाल दी जाएगी। -उदयवीर सिंह ढिल्लों, प्रधान नगर काउंसिल जीरकपुर