जीरकपुर। पुलिस ने होटल में बिना आईडी प्रूफ लिए ग्राहक को कमरा देने के आरोप में एक होटल संचालक पर केस दर्ज किया है। मामले संबंधी जानकारी देते हुए एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि वह गश्त व चेकिंग के सिलसिले में पुलिस पार्टी सहित चंडीगढ़ बैरियर के पास मौजूद थे। इस दौरान सूचना मिली कि गुरमीत सिंह वासी मकान नंबर-358 भबात एनक्लेव भबात गोदाम क्षेत्र जीरकपुर में व्हाइट रोज नामी होटल चलाता है, जो अपने होटल में आने-जाने वाले ग्राहकों को बिना पहचानपत्र के कमरे रुकने के लिए दे देता है।
सूचना के मुताबिक आरोपी ने कल भी अपने होटल में कमरा नंबर 102 किराये पर दिया था जिस में एक लड़का और लड़की आए थे, परंतु उक्त संचालक ने उस लड़के के साथ आई लड़की की आईडी नहीं ली थी। सूचना थी कि आज भी उक्त होटल में जो ग्राहक कमरे किराए पर लेने के लिए आएंगे, उक्त होटल का मालिक उनसे से आईडी नहीं लेगा। एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि उक्त आरोपी के खिलाफ धारा-188 के तहत मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।