मोहाली। देश में पंजाब सहित 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर तारीखों के हुए एलान के बाद प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई है और साथ ही कोविड-19 की गाइडलाइंस को आगामी 15 जनवरी तक मानने के निर्देश राजनीतिक पार्टियों को दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, जिला मोहाली के अधीन 3 विधानसभा हलके आते हैं और तीनों ही हलकों में अलग-अलग राजनीतिक दल के नेताओं द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गतिविधियां की जा रही हैं। दूसरी ओर, शाम 4 बजे विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद प्रदेश में आचार संहिता तुरंत लागू हो गई और इसके मद्देनजर डीसी मोहाली ईशा कालिया ने निर्देश पारित किए। निर्देशों में राजनीतिक पार्टियों के उम्मीदवारों द्वारा रैलियां, रोडशो, बाइक रैली व अन्य नुक्कड़ सभाओं को आयोजित करने को लेकर पाबंदी लगाई गई है। यह पाबंदियां 15 जनवरी तक लागू रहेंगी। यदि कोई आदेशों की उल्लंघना करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।