जीरकपुर। मुलाजिमों के चुनाव ड्यूटी पर होने के कारण दिनभर शहर में जाम की समस्या रही। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर भी लोग जाम से परेशान हुए। शहर में सुबह 11 बजे से ही जाम लगना शुरू हो गया था। दरअसल, शनिवार को शहर ट्रैफिक इंचार्ज सहित केवल पांच ही मुलाजिम तैनात थे। इस कारण समस्या पैदा हो गई।
शनिवार सुबह जैसे ही लोग अपने कामों के लिए निकलना शुरू हुए तो शहर के चौक चौराहों पर कोई मुलाजिम न होने के कारण लोग मनमर्जी करते रहे। किसी भी चालक ने लालबत्ती का भी पालन नहीं किया और देखते ही देखते यातायात जाम लगना शुरू हो गया। इसके बाद वाहन धीमी गति से निकलते रहे और घंटों जाम में फंसे रहे।
अंदरूनी सड़कों पर भी रहा जाम
शनिवार सुबह से ही यातायात जाम लगना शुरू हो गया था। मैकड़ी चौक, सिंघपुरा चौक, पटियाला चौक, पंचकूला चौक और चंडीगढ़ हाईवे के साथ साथ पंचकूला से जीरकपुर आते हुए बलटाना लाइट प्वाइंट पर भी भारी जाम दिखाई दिया। जाम से बचने के लिए लोग अंदरूनी सड़कों का इस्तेमाल करने लगे तो अंदरूनी सड़कों पर भी जाम लगना शुरू हो गया। अंदरूनी सड़कों में नगला जाने वाले रोड, सिंघपुरा रोड गाजीपुर रोड ओल्ड कालका रोड बलटाना से चंडीगढ़ जाने वाली रोड पर भी जाम दिखाई दिया। इन सड़कों को शॉर्टकट भी माना जाता है। अक्सर लोग जाम से बचने के लिए इन रास्तों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन शनिवार को यह रोड पूरी तरह व्यस्त रहे।
कोट्स
हमारे सारे मुलाजिमों की चुनाव में ड्यूटी लगी हुई है। आज हम केवल पांच मुलाजिम ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुबह से कंट्रोल कर रहे हैं। लोग भी बिना किसी डर और ट्रैफिक नियमों की परवाह किए बिना चल रहे हैं। इस कारण आज पूरा दिन जाम की समस्या बनी रही। फिर भी हम चंडीगढ़-अंबाला हाईवे को क्लीयर करने में लगे हुए हैं ताकि पटियाला की ओर से आने वाले वाहन आराम से निकल जाएं। जैसे पटियाला चौक पर दोनों ओर के वाहन एक दूसरे को क्रॉस करते हैं तो जाम की स्थिति बन जाती है।
-सुखदीप सिंह, ट्रैफिक इंचार्ज, जीरकपुर