डेराबस्सी। शहर के दशहरा मैदान के बाहर गलत तरीके से खड़े वाहनों से राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की ओर से गलत तरीके से खड़े किए गए वाहन चालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
इस संबंधी जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों में गुरमीत सिंह, सुखविंद्र सिंह, रजिंद्र सिंह, बलजीत सिंह, परमजीत सिंह, गगन, काका सहित अन्य बताया कि नगर काउंसिल ने बस स्टैंड के नजदीक दशहरा मैदान में खाने-पीने की रेहड़ी वालों को जगह दी गई है। शाम को लोग अपने परिवार के साथ वहां खाने-पीने के लिए पहुंच जाते हैं और मैदान के बाहर अपने वाहन गलत तरीके से पार्क कर देते हैं। जिससे शहर में रहने वाले लोगों को अपने घर जाने का रास्ता नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने बताया कि ज्यादातर युवक भी यहां पर अपनी बाइक और अन्य वाहन खड़े कर देते हैं। लोगों ने बताया कि कई बार यहां पर गलत तरीके से खड़े वाहनों के कारण हुए झगड़े मारपीट तक पहुंच चुके हैं। स्थानीय लोगों ने यहां पर वाहन सही तरीके से खड़े करने के लिए प्रबंध करने की मांग की है जिससे आने जाने वाले लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े।
इस बारे में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह ने कहा कि हर दिन नाके लगाए जाते हैं। शाम को बस अड्डे पर गलत तरीके से खड़े वाहनों का चालान किया जाएगा।