जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर रोड पार कर रहे युवक को गलत दिशा से आ रहे बुलेट सवार ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। हादसे में राहगीर की टांग टूट गई। इसके बाद बुलेट चालक एंबुलेंस के जरिए उसे जीएमसीएच-32 ले गए पर वे उसे अस्पताल के गेट पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर जीरकपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता प्रदीप निवासी हरिपुर हिंदुयां डेरा बस्सी ने बताया कि वह आईलेट्स की क्लास लगाकर करीब सवा दो बजे घर जाने के लिए सड़क किनारे खड़ा था। इस दौरान गलत दिशा से आए एक बुलेट सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसकी दाईं टांग टूट गई। इस दौरान लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने बुलेट चालक को रोक लिया। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाई और बुलेट चालक के साथ उसे जीएमसीएच-32 अस्पताल भेज दिया पर वे उसे अस्पताल के गेट पर छोड़कर फरार हो गए लेकिन उन्होंने बुलेट का नंबर नोट कर लिया था जिसके बाद जीरकपुर पुलिस ने नंबर के आधार पर केस दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।