मोहाली। शहर में शनिवार को श्री हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान शहर के सभी मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
फेज-3बी2 स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर (श्री हनुमान मंदिर) में शाम को भव्य समागम का आयोजन किया गया। मंदिर कमेटी के प्रधान प्रेम शर्मा की देखरेख में करवाए गए समागम के दौरान शाम सात बजे संगीतमयी सुंदरकांड का पाठ भजन गायक अरविंद शर्मा ने किया। इसके बाद श्री हनुमान जी को सवा क्विंटल देसी घी से तैयार किया गया लड्डू का भोग भी लगाया गया। इस दौरान सुंदर झांकियां भी पेश की गईं। समागम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रात दस बजे भव्य आरती की।
वहीं सेक्टर-68 स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर में भी श्री हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर कमेटी के प्रधान मनोज अग्रवाल ने बताया कि शाम को मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। साथ ही भजन संध्या और महाआरती के आयोजन के बाद मंदिर में खीर, मालपुड़े, जलेबी और लड्डू का लंगर लगाया गया। इसके अलावा सेक्टर-125 सन्नी एन्कलेव स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर, फेज-3बी1 और फेज-3ए स्थित दोनों श्री वैष्णो माता मंदिर, फेज-7 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर, फेज-11 स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर समेत शहर के सभी मंदिरों में धार्मिक समागम करवाए गए। वहीं पूजा-पाठ व सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया गया।