खरड़। पंजाब सरकार ने खरड़ की अस्पताल रोड चौड़ा करके फोरलेन बनाने की घोषणा को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। स्थानीय निकाय विभाग की ओर से पुरानी मोरिंडा रोड के नाम से जाने जानी वाली इस सड़क के कार्य को शुरू करने के लिए ई-टेंडर निकाल दिए हैं। इस सड़क के निर्माण के लिए अनुमानित लागत 718.66 लाख रुपये की राशि तय की गई है।
इस सड़क के निर्माण के लिए ई-टेंडर 7 दिसंबर 2021 को खोले जाएंगे। इस सड़क को चौड़ा करने का काम बस स्टैंड से शुरू होकर खानपुर मेन हाईवे जंक्शन तक किया जाएगा। पंजाब सरकार ने बिजली विभाग को सड़क पर लगे खंभों को पीछे हटाने व वन विभाग को सड़क चौड़ा करने के दौरान बीच में आ रहे पेड़ों को हटाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
गौरतलब है कि वीआईपी रोड के नाम से मशहूर इस सड़क पर सरकारी अस्पताल, पंजाब केमिकल लैब के अतिरिक्त तीन स्कूल व स्थानीय जज, एसडीएम व तहसीलदार आदि के निवास स्थान भी हैं। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घडुआं को जाने वाले हजारों विद्यार्थी व यूनिवर्सिटी की बसें इसी सड़क से गुजरती हैं इस कारण इस सड़क पर हर समय जाम की सी स्थिति बनी रहती है।