मोहाली। चंडीगढ़ और पंचकूला के बाद आखिर मोहाली में भी आने वाले समय में सड़कों किनारे साइकिल ट्रैक दिखेंगे और लोगों की आवाजाही के लिए साइकिलें मौजूद रहेंगी। नगर निगम ने आखिर साइकिल ट्रैक बनाने का फैसला ले ही लिया। इस संबंधी शनिवार को हुई वित्त एवं ठेका समिति की बैठक में साइकिल ट्रैक के निर्माण को मंजूरी दी गई है। साइकिल ट्रैक के इस पहले चरण के लिए 81 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने साइकिल ट्रैक वाली जगह का जायजा भी लिया। इस मौके पर उनके साथ डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी भी थे।
इस संबंधी मेयर ने बताया कि साइकिल ट्रैक के पहले चरण में एयरपोर्ट रोड पर स्थित इंडस्ट्रियल एरिया फेज 8बी से स्पाइस चौक से होते हुए गांव मोहाली तक साइकिल ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त सड़क पर बड़ी संख्या में औद्योगिक मजदूर साइकिल से आते हैं और यहां पर ट्रैफिक बहुत ज्यादा है। इसी तरह गांव बलौंगी की ओर से भी बड़ी संख्या में श्रमिक साइकिल पर इस सड़क पर आते हैं। उन्हें इससे सुरक्षा मिलेगी। साथ ही सड़क हादसे रुकेंगे। वहीं मेयर जीती सिद्धू ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग साइक्लिंग भी करते हैं ताकि फिट रह सकें। लेकिन ट्रैफिक बढ़ने से उनके लिए भी परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि मोहाली में साइक्लिंग क्लब भी थे जो साइकिल ट्रैक के निर्माण की मांग कर रहे थे जिसे पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहला चरण पूरा होने के बाद पूरे शहर में साइकिल ट्रैक का निर्माण किया जाएगा।
चंडीगढ़ ने मोहाली तक बनाए साइकिल ट्रैक
चंडीगढ़ प्रशासन ने अपने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत अपने तकरीबन सभी इलाकों में साइकिल ट्रैक बना दिए हैं। मोहाली की सीमा तक साइकिल ट्रैक बने हुए हैं। जहां पर साइकिल ट्रैक के लिए चंडीगढ़ को जगह नहीं मिली। वहां पर मेन रोड पर ही साइकिल के निशान लगाकर काम चलाया गया है। ऐसे में मोहाली भी चंडीगढ़ की तर्ज पर काम करना चाहता है क्योंकि पंजाब सरकार भी मोहाली को चंडीगढ़ की तर्ज पर बसा रही है।
पहले निगम ने बनाया था यह प्रस्ताव
पहले वाईपीएस चौक से गुरुद्वारा श्री सिंह शहीदां रोड पर साइकिल ट्रैक बनाने का प्लान तैयार किया गया था। इसके लिए एक निजी कंपनी से सर्वे तक करवाया गया था। लेकिन प्रोजेक्ट में कई मुश्किलें थे। इसे गमाडा की ओर से मंजूरी भी नहीं मिली थी। आखिर में उक्त प्रोजेक्ट को रद्द कर दिया गया था। इसके बाद फेज-11 से स्पाइस चौक तक बनाने का प्रस्ताव था।