डेराबस्सी। हलका डेराबस्सी में 69.25 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह जानकारी रिटर्निंग अफसर कम एसडीएम डेराबस्सी स्वाती टिवाना की ओर से सोमवार को पोल हुई वोटों संबंधी जारी की गई अंतिम रिपोर्ट में दी गई है। जबकि रविवार को प्रशासन की ओर से विभागीय तौर पर 61.7 प्रतिशत मतदान की जानकारी दी गई थी। साल 2017 में हलके में 74.5 प्रतिशत वोट पोल हुई थी, जिससे इस बार 5 फीसदी कम वोट पोल हुई है। हलके में कुल 287622 वोटों में से 69.5 प्रतिशत के हिसाब से 199187 वोट पोल हुई है। इनमें से 106556 पुरुष और 92625 महिला और 6 वोट तीसरे जेंडर की हैं।
जानकारी के मुताबिक मतदान में शहरी लोगों से ज्यादा ग्रामीणों ने अधिक मतदान किया है। जीरकपुर शहरी क्षेत्र में सबसे कम वोटिंग हुई है, जबकि गांव जीरकपुर में शहरी क्षेत्र से ज्यादा वोट पोल हुई हैं। इसी तरह डेराबस्सी शहरी क्षेत्र में कम और ग्रामीण में ज्यादा वोट पोल हुई है। वहीं, लालड़ू ब्लॉक में पूरे क्षेत्र में गांवों और शहरी में लोगों ने वोटिंग में पूर उत्साह के साथ हिस्सा लिया है।
हलका डेराबस्सी में सबसे ज्यादा वोट लालड़ू के गांव संगोथा में 405 में से 374 वोट पड़ी हैं तो कि तकरीबन 92 प्रतिशत है। इसी तरह डेराबस्सी के गांव हरिपुर हिंदुआ और गांव ककराली में 91-91 प्रतिशत वोट पोल हुई हैं। जबकि गांव जीरकपुर में बिजली बोर्ड के दफ्तर में बनाए गए बूथ नंबर-100 पर सबसे कम 1047 में से 482 वोट पड़े हैं, जो कि 46 प्रतिशत है। इसी तरह पीरमुछल्ला के सरकारी एलिमेंट्री स्कूल के बूथ नंबर-39, बलटाना के हाई स्कूल के बूथ नंबर 65 में, गांव ढ़कोला हिम्मतगढ़ के सरकारी एलिमेंट्री स्कूल के बूथ नंबर 89 में, गांव जीरकपुर के एलिमेंट्री स्कूल के बूथ नंबर 98 में 49-49 प्रतिशत वोट पोल हुई हैं। जो कि काफी कम हैं। जबकि विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक गांवों में करीब 80 प्रतिशत वोटिंग हुई है। जो शहरों के मुकाबले कहीं अधिक है।
साल 2017 में हुई थी 74.5 प्रतिशत वोटिंग
हलका डेराबस्सी में साल-2017 में हुए विधानसभा चुनाव में 74.5 प्रतिशत वोट पोल हुई थी। उस समय 239000 वोट में से करीब 176000 वोट पोल हुई थी।