बुधवार देर शाम तेज बारिश और आंधी से गांव बसौली के निकट नवनिर्मित स्वास्तिक राइस मिल का शेड और दीवारें गिर जाने से 35 वर्षीय मजदूर की दब जाने के कारण मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि तीन अन्य मजदूरों को मामूली चोटें लगी हैं। मृतक की पहचान ऋषि पाल पुत्र नेतराम निवासी मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के तौर पर हुई है।
पुलिस ने शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है। राइस मिल में काम करने वाले प्रत्यक्षदर्शी महाबीर और बलवंत ने बताया कि बुधवार को मिल में निर्माण सहित अन्य काम चल रहा था। मिल में करीब 35 से 40 मजदूर काम कर रहे थे। बुधवार शाम करीब 6 बजे तेज बारिश और हवा के चलने पर सभी मजदूर शेड के नीचे बैठ गए। उसी समय अचानक जोरदार तेज आवाज आने पर वे सभी घबरा गए और उन्होंने सभी को शेड से बाहर भाग जाने को बोला। ऋषि पाल भी शेड से बाहर की ओर भाग रहा था कि उसी समय पूरा शेड गिर गया और ऋषि पाल नीचे दब गया। आसपास के लोगों ने तुरंत घटना की सूचना हंडेसरा पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से ऋषि पाल को बड़ी मशक्कत से मलबे से बाहर निकाला। मलबे में बुरी तरह से कुचल जाने के कारण ऋषि पाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य व्यक्तियों को मामूली चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि अगर वे सभी मौके पर बाहर की ओर न भागते तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने मिल निर्माण कार्य में गुणवत्ता रहित सामग्री प्रयोग किए जाने की आशंका जताई है और घटना की जांच करवाने की मांग की है।
मजदूर महावीर और बलवंत ने बताया कि मृतक ऋषि पाल करीब 10 दिन पहले ही गांव से यहां काम पर आया था। हादसे के बाद उनके खाने-पीने का सामान, बर्तन और अन्य सामान भी मलबे में दब गया है। ऋषि पाल के 3 बच्चे हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है।
बुधवार शाम करीब 6 बजे तेज हवा और बारिश के कारण राइस मिल का शेड गिर जाने से एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं तीन मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं। मृतक को मलबे से बाहर निकाल शव को सरकारी अस्पताल डेराबस्सी मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक के परिजनों के आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
-एसआई हरदीप सिंह, थाना प्रभारी हंडेसरा।
मिल में लगभग सभी मशीनें लग चुकी हैं। कुछ निर्माण कार्य चल रहा था। बुधवार शाम को तेज बारिश और हवा के कारण यह हादसा हो गया। इसमें एक मजदूर की मौत होने के अलावा तीन अन्य मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं। रही बात मिल निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की तो कार्य में अच्छी गुणवता वाली सामग्री का प्रयोग किया गया है।
- नवदीप, मालिक, स्वास्तिक राइस मिल, गांव बसौली।