जीरकपुर। वीआईपी रोड निवासी रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के परिवार से ठगों ने सिम कार्ड डिलीवरी और बैंकर बनकर 1.23 लाख रुपये ठग लिए हैं। शिकायत पर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में बिहार कैडर की रिटायर्ड आईएएस अधिकारी पुष्पा भल्ला वासी वीआईपी रोड जीरकपुर ने कहा कि उन्होंने बिहार से ऑनलाइन एक नया मोबाइल सिम कार्ड डिलीवर करवाया था और सात सितंबर को उसके पति को डिलीवरी की स्थिति की जांच करने के लिए एक लिंक पर क्लिक करने का मैसेज आया था। इसके बाद उन्हें एक कॉल आया कि उन्हें तत्काल डिलीवरी प्राप्त करने के लिए पांच रुपये का भुगतान करना होगा, लेकिन उन्होंने उस लिंक पर क्लिक नहीं किया। इसके बाद ठगों ने दूसरे नंबर से फोन किया और कहा कि उन्हें गूगल पे द्वारा पांच रुपये डालने पड़ेंगे। वे काल होल्ड करवाकर डायरेक्शन देने लगे की कैसे-कैसे पेमेंट करनी है, उसके बाद उनके खाते से 5 रुपये कट गए। कुछ देर बाद एक और फोन आया और फोन करने वाले ने एसबीआई बैंक का स्टाफ होने की बात कही और बोले कि उनके बैंक खाते से 1 लाख रुपए काट लिए गए हैं और उन्हें अपने पैसे बचाने के लिए एक नंबर पर काल करना होगा। जैसे ही उन्होंने उस नंबर पर काल की तो उनके खाते से दो बार 49,999 रुपये काट लिए गए। शिकायतकर्ता रिटायर्ड आईएएस अधिकारी ने शिकायत में बताया कि जब उनके पति ने अपने बैंक खाता दोबारा चेक किया तो 16 हजार और 7 हजार रुपये की दो ट्रांजेक्शन उनके बैंक खाते से ओर हो चुकी थी। इस तरह कुल 1.23 लाख रुपये ठगों ने उनके खाते से निकाल लिए थे।