मोहाली। चार महीने बीत जाने के बाद भी यूथ अकाली दल के नेता विक्रमजीत सिंह मिड्डूखेड़ा के कातिल अभी तक पकड़े नहीं गए हैं। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को विक्की के परिजनों, दोस्तों और इलाके के लोगों ने न्याय मार्च निकाला। कैंडल मार्च फेज-3बी2 की मार्केट से शुरू हुआ। यह शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरा।
इसमें बड़ी संख्या में युवा, सिविल सोसाइटी के सदस्य, विभिन्न गैर सरकारी संगठन लोग शामिल हुए, जिन्होंने अपने हाथों में बैनर थामे हुए थे। इन पर जस्टिस फॉर विक्की मिड्डूखेड़ा लिखा था। मार्च के साथ ही सोशल मीडिया पर हैशटैग जस्टिस फॉर मिड्डूखेड़ा अभियान की औपचारिक रूप से शुरुआत हो गई। मृतक विक्की के भाई अजयपाल सिंह मिड्डूखेड़ा ने बताया कि अगस्त माह में विक्की मिड्डूखेड़ा की सेक्टर-71 में सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से लेकर अब तक पुलिस अब तक हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है। उन्होंने बताया कि जब तक वह अपने भाई को इंसाफ नहीं दिलवाते तबतक वह संघर्ष करते रहेंगे।