जिला पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में सोमवार को करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थ जलाए। नशीले पदार्थों को जलाने की प्रक्रिया बरियाली स्थित बायोमेडिकल वेस्ट प्लांट में संपन्न हुई। पुलिस ने यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर की। इस कार्रवाई में एसएसी गुरप्रीत सिंह भुल्लर खुद भी मौजूद रहे। इसके अलावा एसपीडी गुरशनदीप सिंह गरेवाल व एसपी हरमीत सिंह हुंदल उपस्थित रहे।
इस मौके पर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने 64980 नशीली गोलियां, नशीली शीशियां 595, भुक्की चूरा पोस्त 11 क्विंटल दो किलोग्राम, नशीले कैप्सूल 15448, स्मैक 14 ग्राम 430 मिलीग्राम, नशीला पाउडर 5 किलोग्राम 299 ग्राम, चरस नौ किलोग्राम 70 ग्राम, हेरोइन तीन किलोग्राम 247 ग्राम पांच मिलीग्राम, गांजा 39 किलो 380 ग्राम, सुल्फा नौ ग्राम, कोकीन दो किलोग्राम 71 ग्राम, भंग नौ किलोग्राम 250 ग्राम व नशीले टीके 810 नष्ट करवाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई इसी तरह जारी रहेगी। 111 पोस्ट ट्रायल केस व 28 प्री ट्रायल केस के अलग-अलग केसों में उक्त सामान पकड़ा था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नशीला पदार्थ एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया था।