खरड़। इलाके के बिल्डर सन्नी एनक्लेव के मालिक जरनैल सिंह बाजवा से करोड़ों रुपये की लेनदारी का आरोप लगाकर रविंदर सिंह नाम का एक व्यक्ति आत्महत्या करने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गया। वहां से चिल्लाने लगा कि मुझे मेरी रकम दिलवाई जाए, नहीं तो मैं जान दे दूंगा। इसके बाद उसने अपनी वीडियो वायरल कर दी तो पुलिस व प्रशासन में अफरातफरी मच गई। यह देखकर खरड़ के डीएसपी गुरचरण सिंह ने मौके पर पहुंचकर उसे आश्वासन देकर टंकी से नीचे उतारा।
जानकारी के मुताबिक पानी की टंकी से उतारने के बाद पुलिस को पीड़ित रविंदर सिंह ने बताया कि उसने सन्नी एनक्लेव के मालिक बिल्डर जरनैल सिंह बाजवा से करोड़ों रुपये लेने हैं। लेकिन वह नहीं लौटा रहा है। इस कारण वह दर दर की ठोकरें खा रहा है। उसने कहा कि वह बिल्डर के रवैये से बेहद दुखी है और पुलिस प्रशासन को जरनैल बाजवा को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, नहीं तो वह आत्महत्या कर लेगा।
उसने आरोप लगाया कि बिल्डर से दुखी होकर उसके पिता ने भी आत्महत्या कर ली थी। उसके पिता एक बड़े ठेकेदार थे और उन्होंने सन्नी एनक्लेव बसाने के दौरान बिल्डर को सड़कें बनाने, टंकियां बनाने और अन्य बिल्डिंग मैटीरियल सप्लाई किया था। जिसके करीब पांच करोड़ रुपये बकाया है। लेकिन बिल्डर पैसे नहीं लौटा रहा है। रविंदर सिंह ने बताया कि उसके पिता पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के अच्छे दोस्त थे और उसके पिता ने मरने से पहले एक स्टाम्प पेपर पर लिखा था कि उसके केस की पूरी पैरवी चरणजीत सिंह चन्नी करेंगे और न्याय दिलवाएंगे। लेकिन आज तक उन्हें कोई न्याय नहीं मिला है, जबकि उनका बिल्डर पर पांच करोड़ बकाया है और जो भुगतान उसने किया है उसके समझौतों की कापियां भी उनके पास मौजूद हैं।
वहीं, दूसरी ओर संपर्क करने पर बाजवा डेवलपर्स एंड बिल्डर कंपनी के एमडी जरनैल सिंह बाजवा ने बताया कि रविंदर सिंह का कोई भी पैसा उनकी तरफ बकाया नहीं है और वह झूठे आरोप लगा रहा है। इस बारे में खरड़ के डीएसपी गुरचरण सिंह ने बताया कि पीड़ित रविंदर सिंह को पानी की टंकी से उतार लिया है। उसके जरनैल सिंह बाजवा के साथ पुराने मामले चल रहे हैं और कई मामलों के समझौते हो चुके हैं और कई मामले अदालत में हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंधी पूरी जांच पड़ताल करके पीड़ित को न्याय दिलवाया जाएगा।