जीरकपुर। शहर की गाजीपुर रोड पर गोल्डन सैंड सोसायटी के सिक्योरिटी गार्ड को एक युवक ने अपने तीन साथियों के साथ पीटकर गंभीर घायल कर दिया। उसको ढकोली अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और सिर में टांके लगे हैं। घायल सिक्योरिटी गार्ड की पहचान अमरनाथ (42) के रूप में हुई है। यह हमला उस पर रास्ते में बाइक पर जाते हुए घेरकर किया गया है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में अमरनाथ ने बताया कि उसे पीटने वाले युवक गोल्डन सैंड सोसायटी में ही रहते हैं। इन्हीं युवकों ने जनवरी में उसके भाई को भी पीटा था। युवक रात को जबरन गेट खोलने के लिए कह रहे थे, जबकि गेट रात 10 से सुबह 6 बजे तक बंद रखा जाता है। इसी बात को लेकर उन्होंने भाई को पीटा था तो उनके खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया था। अब उस केस को वापस लेने के लिए युवकों ने दबाव बनाने के लिए उस पर हमला किया है। जनवरी में रात करीब साढ़े 12 बजे आरोपी अपने दोस्त के साथ सिक्योरिटी गार्ड रघबीर झा के पास पहुंचा था और सोसायटी का पिछला गेट खोलने के लिए कहा था तो उसने मना कर दिया था। इस पर आरोपी युवक ने उसके भाई की डंडों से पिटाई कर दी थी और उसे गंभीर घायल कर दिया था। इसके बाद उसे जीएमसीएच सेक्टर 32, चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसी केस को वापस लेने के लिए युवकों ने अमरनाथ पर हमला किया है।