मोहाली। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से खरड़-लांडरां रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक की पहचान कर ली है। पुलिस ने दावा किया है आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पुलिस ने कार को घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद किया है। कार का नंबर पटियाला का है, इसलिए गिरफ्तारी के लिए एक टीम पटियाला रवाना हो चुकी है। इसकी पुष्टि सोहाना थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने की है।
बता दें कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे राजमिस्त्री युवक गुरप्रीत और हरवीर सिंह मोटरसाइकिल पर सवार खरड़-लांडरां रोड से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी। इससे बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी और दोनों युवकों का सिर सड़क से जा टकराया था। हादसे के बाद कार चालक पहले रुका लेकिन युवकों की हालत गंभीर होती देखकर फरार हो गया था। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। यहां पर दोनों युवकों की मौत हो गई थी।