मोहाली। कॉल सेंटर में काम करने वाली एक युवती से घर लौटते समय बुधवार की रात करीब 9:55 पर मारपीट करके उसका मोबाइल छीनकर एक युवक फरार हो गया। युवती ने मोबाइल बचाने की कोशिश की लेकिन युवक ने उसके मुंह पर थप्पड़ और पेट में मुक्के भी मारे। इस कारण युवती बेसुध हो गई। युवती ने बताया कि उसने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग इकट्ठा हुए युवक फरार हो गया। सूचना पर पीसीआर पहुंची और फेज-8 थाना पुलिस को बुलाया। जांच अधिकारी भूपिंदर सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ पहुंचकर युवती के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात झपटमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की ताकि झपटमार का हुलिया पता चल सके।
पुलिस को दी शिकायत में युवती आकांक्षा शर्मा हाल वासी कुंभड़ा और मूल निवासी गांव गटासनी जिला चंबा (हिप्र) ने बताया कि वह यहां पर एक पीजी में रहती है और सेक्टर-68 में कॉल सेंटर में काम करती है। घर से कार्यालय पैदल ही आती-जाती है। वीरवार की रात करीब 9.55 बजे वह काम से सिटी पार्क की ओर लौट रही थी। अचानक एक युवक ने उसके पास आकर मोबाइल छीनने की कोशिश की। उसने उससे मुकाबला किया लेकिन युवक ने उसे थप्पड़ मारे, लेकिन उसने मोबाइल नहीं छोड़ा तो उसके पेट में मुक्के भी मारे। इससे वह बेसुध हो गई और तब झपटमार मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।