मोहाली। नशा तस्करी पर नकेल कसने के लिए राज्य सरकार की ओर से गठित स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक व्यक्ति को 260 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगतार सिंह उर्फ भारी निवासी फरीदकोट, हाल निवासी टीडीआई भागोमाजरा के रूप में हुई है। इसकी पुष्टि एसटीएफ के एआईजी कश्मीर सिंह गिल ने करते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उससे कई खुलासे होने के आसार हैं।
जानकारी के मुुताबिक एसटीएफ को सूचना मिली थी एक हेरोइन तस्कर टीडीआई मोहाली से लखनौर की ओर जा रहा है। इस पर एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और यहां चेकिंग के दौरान आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके खिलाफ फरीदकोट में हवाई फायरिंग करने का मामला दर्ज है। वह पहले हलवाई का काम करता था। इसके बाद असलाह का लाइसेंस बनवाकर वह बैंक में गनमैन लग गया। इसके बाद वह मोटी कमाई के चक्कर में फरीदकोट में एक शराब ठेके पर नौकरी करने लगा। यहां पर उसकी मुलाकात हेरोइन तस्करों से हुई। उनसे बातचीत करने के बाद मोटी कमाई के चक्कर में वह हेरोइन तस्करी करने लगा। इसके बाद उसने मोहाली को अपना अड्डा बनाया था। एसटीएफ की टीम अब उससे पूछताछ कर मामले की पड़ताल कर रही है।