खरड़। प्रशासन की ओर से चीन में बनी पतंग की डोर पर पाबंदी लगी होने के बावजूद इसे बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसका खामियाजा आम लोगों समेत कई पक्षियों को भी भुगतना पड़ रहा है। रविवार को चीन में बनी पतंग की डोर की चपेट में आकर एक एक्टिवा सवार लड़की की आधी गर्दन कटने से वह गंभीर जख्मी हो गई। गनीमत रही कि उसकी फूड पाइप नहीं कटी। हालांकि अभी भी उसकी हालत अस्पताल में गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक 24 वर्षीय लवप्रीत कौर अपने एक्टिवा पर खरड़ से संतेमाजरा जा रही थी। जब वह संतेमाजरा में श्री गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंची तो अचानक चीन में बनी डोर उसकी गर्दन में फंस गई और गर्दन बुरी तरह से कट गई। इससे वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गई। राहगीरों ने उसे तुरंत अस्पताल में पहुंचाया। यहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह मौत से लड़ाई लड़ रही है। डोर से उसकी गर्दन आधी कट गई है और उसकी फूड पाइप का बचाव हो गया।
इस हादसे के बाद यूथ क्लब के प्रधान अमरीक सिंह हैप्पी, ठेकेदार संजीव कुमार शीला और परविंदर सिंह बोगी सैनी ने खरड़ प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में धड़ल्ले में बिक रही चीन में बनी डोर पर सख्ती से पाबंदी लगाई जाए और चीन में बनी डोर बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस हादसे संबंधी संपर्क करने पर खरड़ के एसडीएम अविकेश गुप्ता ने कहा कि वह समय-समय पर चीन में बनी डोर की बिक्री बंद करने संबंधी दुकानदारों को नोटिस भेजते रहते हैं और इसकी चेकिंग भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चीन में बनी डोर बेचने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे किसी की जान का नुकसान न हो। इस अवसर पर उन्होंने शहरवासियों को अपने बच्चों को चीन में बनी डोर खरीदने से मना करने की अपील भी की।